भिलाई। भाजपा की दूसरी लिस्ट तैयार हो रही है। इस दूसरी लिस्ट को लेकर भाजपा तमाम सावधानियां बरत रही है। कहा जा रहा है जिसको टिकट मिलना है, उनके पास भाजपा के बड़े नेताओं के फोन आने शुरू हो गए हैं। उन्हें अपने विधानसभा में सक्रिय होने का निर्देश दिया जा रहा है। जिनके पास फोन आ चुके हैं, वह भी खासी गोपनीयता बरत रहे हैं, दरअसल दूसरी सूची लीक होने के बाद भाजपा अब कोई रिस्क नहीं लेना चाहती।
दुर्ग जिले में छह विधानसभा सीट है। इसमें पाटन की घोषणा पहले लिस्ट में हो चुकी है। पाटन से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ दुर्ग सांसद विजय बघेल को प्रत्याशी बनाया गया है। विजय बघेल का प्रचार प्रसार भी शुरू हो चुका है। वहीं भिलाई नगर को छोड़ दिया जाए तो जिले के वैशाली नगर, अहिवारा, दुर्ग ग्रामीण तथा दुर्ग शहर में भाजपा के कई दावेदार है। सबके बीच कसमकश चल रही है। दो साल से चल रहे तमाम सर्वे के बावजूद संगठन टिकट तय नहीं कर पा रहा है। हाल ही में भाजपा की एक लिस्ट लीक हो गई थी, जिसके बाद राजनीतिक तौर पर खासा हड़कंप मच गया था। भाजपा के दूसरे दावेदारों तथा संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आक्रोश बाहर आने लगा था। इसके बाद भाजपा को बैकफूट पर आना पड़ा। अब कहा जा रहा है कि दूसरी लिस्ट की पूरी तैयारी चल रही है। भाजपा नेता दूसरी लिस्ट को लेकर मंथन कर रहे हैं, जिस तरह से पहली लिस्ट में कोई विवाद सामने नहीं आया था, भाजपा नेता दूसरी लिस्ट में भी वैसा ही माहौल चाहते हैं।
सक्रिय होने लगे दावेदार
भाजपा के सूत्रों की माने तो जिनको टिकट मिलना तय है, उनके पार संगठन के बड़े नेताओं के फोन आने शुरू हो गए हैं। उन्होंने अपने विधानसभा में सक्रिय होने के निर्देश मिल रहे हैं। साथ ही फोन काल्स को लेकर गोपनीयता बरते जाने की भी हिदायत दी जा रही है। इसलिए दावेदार सक्रिय तो हो रहे हैं, पर फोन किस किस के पास आया है यह पता कर पाना मुश्किल है। वैसे जिन दावेदारों के पास फोन नहीं आए हैं, वह भी फोन की उम्मीद में बैठे हैं। साथ ही अपने समर्थकों के साथ लगातार रायपुर दौरा कर रहे हैं। भाजपा के हर बड़े नेता से मुलाकात कर अपना पक्ष रख रहे हैं। कुल जमा भाजपा में राजनीतिक माहौल फिर से गर्मा गया है।