भिलाई। बिहार की भाजपा विधायक अहिवारा विधानसभा में अनोखे ढंग से प्रचार कर रही हैं। यहां के मतदाताओं को राखी बांधकर तथा गमछा ओढ़ाकर भाई बना रही हैं। अहिवारा विधानसभा को उन्होंने अपना मायका भी घोषित कर दिया। इस बात की अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। लोग को उनका व्यवहार भी काफी भा रहा है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभाओं में दूसरे राज्य के भाजपा विधायक सघन दौरा शुरू कर चुके हैं। उन्हें प्रवासी विधायक कहा जा रहा है, जो हर विधानसभा में सात से आठ दिन तक प्रवास कर रहे हैं। हर मंडल में जाकर भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। भाजपा आम कार्यकर्ता के घर भोजन कर रहे हैं।
किसान, मजदूर, युवा, तथा महिलाओं से बात कर उनकी समस्या पूछ रहे हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में क्या होना चाहिए यह भी पूछ रहे हैं। सबका अलग-अलग अंदाज है। इन्हीं में से एक हैं कविता देवी पासवान।
विधानसभा की भाजपा विधायक बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा कविता देवी पासवान को अहिवारा विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बताया जा रहा है कि कविता पासवान को जेवरा सिरसा मंडल में प्रचार के दौरान कुछ लोगों ने बहन बोल दिया था। इस बात पर कविता देवी पासवान ने राखी मंगवाई तथा सभी को राखी बांधी। इसी तरह जामुल मंडल के सुरडुंग वार्ड में किसानों को गमछा भेंटकर सभी को भाई स्वीकार किया तथा कहा कि अहिवारा विधानसभा अब से उनका मायका हुआ। वह यह भी कह रही है कि अहिवारा के उनके भाई उनके मायके को हारने नहीं देंगे।
प्रतिनिधि से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आई हूं। यहां के लोगों के सरल सहज व्यवहार से काफी प्रभावित हूं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की लहर है और भाजपा की सरकार बनना तय है।