भिलाई । भाजपा के लिए, छत्तीसगढ़ की राजनीतिक के लिए तथा पाटन व अहिवारा विधानसभा के लिए यह बड़ी खबर है। 22 जून को केंद्रीय गृहमंत्री तथा भाजपा के रणनीतिकार अमित शाह भिलाई सेक्टर-1 आएंगे। 20 मिनट तक पदमश्री पुरस्कार प्राप्त उषा बारले से मुलाकात करेंगे। पंडवानी गायिका उषा बारले हाल ही में पदमश्री लेते वक्त अचानक चर्चे में आई थी। अब कहा यह जा रहा है कि भाजपा उन्हें अहिवारा विधानसभा या पाटन विधानसभा से चुनाव मैदान में उतार सकती है। भाजपा एक तीर से कई निशाना साधने की तैयारी में है। इधर प्रोटोकाल जारी होते ही प्रशासन ने बुधवार से ही उषा बारले के घर के बाहर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही उनके निवास का रंग रोगन व आसपास सफाई भी कराई जा रही है।
उषा बारले पंडवानी गायिका है। हाल ही में उन्हें पदमश्री पुरस्कार से नवाजा गया है। पदमश्री पुरस्कार लेते वक्त छत्तीसगढ़ की परंपरागत साड़ी में वे जिस तरह से पुरस्कार लेने पहुंची थी, उसने पूरे देश दुनिया का ध्यान उनकी तरफ खींचा था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह भी वहां मौजूद थे। उसके कुछ दिन बाद से ही उषा बारले को अहिवारा विधानसभा चुनाव से लड़ाए जाने की चर्चा शुरू हो गई थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 जून को दुर्ग के रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में भाजपा की बड़ी सभा को संबोधित करने आ रहे हैं, इसके पहले वे सेक्टर-1 स्थिति उषा बारले के निवास जाएंगे। प्रोटोकाल के मुताबिक वहां शाह 20 मिनट तक रहेंगे। इस खबर ने राजनीतिक तौर पर खलबली मचा रखी है।
बता दें कि अहिवारा विधानसभा से रिटायर्ड जज अग्रलाल जोशी, पंथी नृत्य के कलाकार तथा पदमश्री पुरस्कार प्राप्त राधेश्याम बारले तथा उषा बारले का नाम सामने आ रहा है। अग्रलाल जोशी व राधेश्याम बारले भाजपा की सदस्यता ले चुके है। एक तरह से उनका जनसंपर्क अभियान भी शुरू हो चुका है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का उषा बारले के निवास स्थान पर आना कई तरह के राजनीतिक संकेत दे रहा है।
पाटन या अहिवारा, एक तीर से कई निशाना
राजनीतिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उषा बारले को भाजपा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ पाटन या फिर पीएचई मंत्री रुद्र गुरु के खिलाफ अहिवारा से चुनावी मैदान में उतार सकती है। इसके पीछे भाजपा की रणनीति यह है कि उषा बारले महिला है। सतनामी समाज से है। पंडवानी की अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गायिका है। उनसे महिला बड़ी संख्या में जुड़ेंगे। पूरे छत्तीसगढ़ में सतनामी समाज के लोगों में अच्छा संदेश जाएगा तथा कलाकार भी बड़ी संख्या में भाजपा से जुडेंगे।
सुरक्षा बल तैनात, घर का रंग रोगन भी
केंद्रीय गृहमंत्री का प्रोटोकाल जारी होते ही बुधवार से ही उषा बारले के सेक्टर वन स्थिति निवास के चारों तरफ सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। वहीं उषा बारले के निवास का रंग रोगन भी शुरू हो गया है। आस पास व्यापक स्तर पर साफ सफाई कराई जा रही है। आज स्थिति का जायजा लेना जिला कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा अधिकारियों के साथ उषा बारले के निवास पहुंचे तथा निरीक्षण किया।