भिलाई। मलकीत सिंह हत्याकांड को लेकर पूरे शहर में आक्रोश है। लगातार बढ़ते अपराध ने शहर को दहला दिया है। मलकीत सिंह हत्याकांड के बाद से खुर्सीपार थाने के सामने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन जारी है। पीड़ित परिवार के साथ पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय लगातार 36 घंटे से थाने के सामने बैठे हुए हैं। सिख पंचायत के लोग भी धरना स्थल धरना दे रहे हैं। पीड़ित परिवार के समर्थन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी रविवार सुबह पहुंचे। सांसद विजय बघेल ने भी पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय के साथ मिलकर धरना दिया। पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डे लगातार यह बात कह रहे हैं कि शांति के टापू को अपराध का गढ़ बना दिया गया। उन्होंने शासन प्रशासन पर कांग्रेस से जुड़े एक आरोपी को बचाने का भी आरोप लगाया। घटना लगातार कई तरह का मोड़ लेता जा रहा है। रविवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने मृतक मलकीत सिंह की पत्नी को सरकारी अस्पताल में अस्थायी नौकरी तथा मुआवजे के तौर पर पांच लाख रुपये देने का प्रस्ताव रखा था, जिसे पीड़ित परिवार ने ठुकरा दिया। वहीं सिख पंचायत व भारतीय जनता पार्टी लगातार यह मांग कर रही है कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा तथा मलकीत सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए।
बाक्स
18 सिंतबर को बंद रहेगा भिलाई दुर्ग
सिख पंचायत ने 18 सितंबर को भिलाई दुर्ग बंद का आह्वान किया है। सिख पंचायत द्वारा जारी पत्र के मुताबिक सोमवार को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक भिलाई दुर्ग बंद रहेगा। भारतीय जनता पार्टी ने बंद का समर्थन किया है।