मनीष झा
भिलाई। वैशाली नगर में टिकट को लेकर जबरदस्त घमासान चल रहा है। भाजपा ने पांच बार के पार्षद रिकेश सेन को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं एक दो दिन में कांग्रेस अपना प्रत्याशी मैदान में उतर देगी। बहुत से नाम निर्दलीय के लिए है। जिसमें से प्रमुख नाम भिलाई निगम के वरिष्ठ पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा, संगीत शाह, जयप्रकाश यादव का लिया जा रहा है। वहीं कांग्रेस का एक वर्ग राम नगर के छाया पार्षद बलदाऊ पिपरिया को कांग्रेस से टिकट देने की मांग कर रहा है।
राम नगर के अमित साहू, नामदेव वर्मा, संतोष टेकाम का कहना है कि बलदाऊ पिपरिया भले ही कांग्रेस के छोटे से कार्यकर्ता है। जीवन यापन के लिए स्कूल बस चलाते हैं, पर उनकी जमीन पकड़ जबरदस्त है। बीते पार्षद चुनाव में उन्होंने भाजपा के रिकेश सेन को कड़ी टक्कर दी थी। बहुत कम अंतर से ही रिकेश सेन चुनाव जीत पाए थे। लोगों का कहना है कि यदि कांग्रेस बलदाऊ पिपरिया को प्रत्याशी बनाती तो यह कांग्रेस के हर छोटे कार्यकर्ता का सम्मान होगा, तथा बलदाऊ पिपरिया यह सीट कांग्रेस की झोली में डाल सकते हैं।
इस बारे में बलदाऊ पिपरिया से पूछने पर कहते हैं कि मैंने दावेदारी नहीं की है। पार्टी का निष्ठावन व समर्पित सिपाही हूं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसका पूरी ईमानदारी से पालन करुंगा।