भिलाई। अहिवारा विधानसभा इन दिनों खासा चर्चे में है। इसलिए की यह इस विधानसभा में मुख्यमंत्री का निवास है। लिहाजा कांग्रेस इस सीट पर हाल में जीत चाहेगी, वहीं भाजपा फिर से इस खोई हुई सीट को वापस पाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी, पर सारा गणित टिकट पर आकर अटक जाता है।
कांग्रेस से पीएचई मंत्री तथा वर्तमान विधायक रुद्र गुरु, भिलाई चरोदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे, 2013 के छाया विधायक अशोक डोंगरे तथा 2008 के छाया विधायक ओनी महिलांग दावेदार है। निर्मल कोसरे, अशोक डोंगरे तथा ओनी महिलांग तीनों विधानसभा क्षेत्र के ही निवासी है। मंत्री रुद्र गुरु की इस सीट से चुनाव लड़ने की रुची लगातार कम होती दिख रही है। इसलिए एेसा माना जा रहा है कि रुद्र गुरु के किसी और सीट की तलाश की चर्चा लगातार चल रही है।
इधर भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो भाजपा में भी स्थानीय प्रत्याशी को टिकट देने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। अब तक हुए तीन चुनाव में जो भी विधायक बने वे सब दूसरी विधानसभा के थे। 2008 में भाजपा के डोमनलाल कोर्सेवाड़ा प्रथम विधायक बने, 2013 में भाजपा के सांवलाराम डाहरे विधायक बने तथा तीसरी बार कांग्रेस के रुद्र गुरु ने बाजी पलटी तथा कांग्रेस को यहां से जीत दिलाकर विधायक बने। भाजपा से फिर पूर्व विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, सांवलाराम डाहरे द्वारा टिकट की मांग की जा रही है। नाम पदमश्री उषा बारले, राधेश्याम बारले का भी चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग है कि अहिवारा से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले को ही प्रत्याशी बनाया जाए। जिसमें सबसे प्रबल दावेदार सुधाकर बारले, अग्रलाल जोशी, संतोष मार्केंडेय को माना जा रहा है।
सुधाकर बारले सबसे युवा चेहरा है। सतनामी समाज से हैं। पढ़े लिखे, तथा क्रिकेट खिलाड़ी भी है। संघ की शाखा में जाते हैं। 15 साल से भाजपा में सक्रिय है। भाजपा के सूत्रों की माने तो सर्वे में भी उनका नाम सबसे ज्यादा लिया गया है। अहिवारा विधानसभा में सबसे ज्यादा चर्चे में भी है। मूलत: अहिवारा विधानसभा के नंदिनी नगर के रहने वाले हैं। इसलिए उनकी दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही है। कुळ जमा इस बार दोनों ही दल चौकाने वाले नाम प्रत्याशी के तौर पर दे सकते हैं। कांग्रेस जहां निर्मल कोसरे, अशोक डोंगरे या फिर ओनी महिलांग पर दांव खेल सकती है, वहीं भाजपा अगर स्थानीय तथा युवा चेहरे को प्रत्याशी बनाती है, तो सुधाकर बारले, संतोष मार्कडेंय या फिर अग्रलाल जोशी को प्रत्याशी बना सकती है। बहरहाल अन्य नामों की चर्चा में सुधाकर बारले को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।